श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे और PM मोदी के बीच द्विपक्षीय बातचीत

श्रीलंका (Sri Lanka) के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे (Gotabaya Rajapaksa) के साथ शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने द्विपक्षीय बातचीत की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंकाई राष्ट्रपति को जीत की बधाई दी | पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह हमारे लिए सम्मान की बात है कि राजपक्षे पहली विदेश यात्रा के लिए भारत आए | ये भारत और श्रीलंका की मित्रता दर्शाती है | साथ ही पीएम मोदी ने श्रीलंका में बुनियादी ढांचा और आर्थिक विकास, सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने और आतंकवाद से निपटने के लिए कुल 550 मिलियन डॉलर देने का ऐलान भी किया | वहीं, श्रीलंका के राष्ट्रपति की तरफ से एक अहम ऐलान किया गया कि वे भारतीय मछुआरों की जब्त नावों को छोड़ेंगे | पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देश अपने संबंधों को महत्व देते हैं | दोनों देशों की सुरक्षा और समृद्धि के लिए हम दोनों एक साथ काम करेंगे |
भारत की शुभेच्छा और सहयोग हमेशा श्रीलंका के साथ है | भारत श्रीलंका का अच्छा मित्र है | मेरी सरकार की नीति है कि पड़ोसी पहले | हम दोनों देश एक-दूसरे की सुरक्षा के लिए सचेत हैं | हमने निर्णय लिया है कि दोनों देशों के बीच बहुमुखी साझेदारी को और मज़बूत करेंगे | इससे पहले श्रीलंकाई राष्ट्रपित का शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में रस्मी स्वागत किया गया, जहां राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके पहले भारत दौरे पर उनकी अगवानी के लिए मौजूद थे | अपने स्वागत के बाद श्रीलंका के राष्ट्रपति ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान वह भारत के साथ संबंधों को मजबूत बनाना सुनिश्चित करेंगे | राजपक्षे गुरुवार को नई दिल्ली पहुंचे और शुक्रवार को विदेशमंत्री एस. जयशंकर ने उनसे मुलाकात की |