राज्य
कांग्रेस के दिग्गज नेता RPN Singh आज हो सकते है भाजपाई, कांग्रेस ने बनाया है स्टार प्रचारक
पूर्वांचल में कांग्रेस का कद्दावर चेहरा हैं आरपीएन सिंह
आरपीएन सिंह पूर्वांचल में कांग्रेस का बड़ा चेहरा माने जाते हैं। अगर वह बीजेपी में शामिल होते हैं तो पूर्वी यूपी में कांग्रेस को खासा नुकसान सहना पड़ सकता है। बता दें, आरपीएन सिंह कुशीनगर के सैंथवार के शाही परिवार से आते हैं। उनका कांग्रेस से पुराना नाता रहा है और पार्टी के वफादार रहे हैं। अपने पिता सीपीएन सिंह की तरह वह भी पडरौना के विधायक रहे। साल 1996 से 2009 तक विधायक रहने के बाद आरपीएन सिंह 15वीं लोकसभा सदस्य बने। हालांकि, 16वें लोकसभा चुनाव में बीजेपी के राजेश पाण्डेय ने उन्हें हरा दिया. वहीं, यह भी बता दें कि आरपीएन सिंह कांग्रेस शासन में गृह राज्य मंत्री की जिम्मेदारी उठा चुके हैं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आगामी विधानसभा चुनाव में महिला सशक्तिकरण को बड़ा मुद्दा बनाया है। उनका नारा ‘लड़की हूं लड़ शक्ति हूं’ इस बात को दर्शाता है। वहीं, पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की दो लिस्ट भी जारी कर दी हैं। इनमें 176 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं, जिनमें 66 महिला उम्मीदवार हैं। पार्टी ने जो 40 प्रतिशत सीट महिला आरक्षित होने का दावा किया था, वह निभाती दिख रही है।
झारखंड के मुख्यमंत्री से चल रही अनबन
झारखंड का प्रदेश प्रभारी बनने के बाद आरपीएन की झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ अनबन की चर्चा अक्सर सुर्खियों में रहती है। सूत्रों की मानें तो आरपीएन के कॉग्रेस छोड़ने का कारण हेमंत ही हैं। इसी अनबन के चलते वो काफी समय से पार्टी में निष्क्रिय थे।