2000 पुलिस अधिकारियों की तैनाती पेरिस के आसपास

पेरिस फ्रांस के गृहमंत्री गेराल्ड हारमैनिन ने बुधवार को कहा कि यातायात पुलिस की गोलीबारी में कथित रूप से मारे गये किशोर के मसले को लेकर विरोध प्रदर्शनों को ध्यान में रखते हुए पेरिस के उपनगरों में 2,000 से ज्यादा पुलिस अधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
यातायात के नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने 17 वर्षीय किशोर की कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी थी जिसके बाद फ्रांस में विरोध प्रदर्शन हो रहा है। मीडिया के अनुसार पुलिस के निर्देशों का उल्लंघन करने के बाद उस किशोर को मंगलवार सुबह पेरिस के उपनगर नटेरे में पुलिस ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। किशोर किराये की कार चला रहा था और उसने यातायात के कई नियमों का उल्लंघन किया, जिस कारण यह घटना हुई।
इस घटना के बाद मंगलवार रात में पेरिस के कई उपनगरों में हिंसक प्रदर्शन शुरू हो गया। गृहमंत्री गेराल्ड हारमैनिन ने ट्विटर पर लिखा कि पेरिस के उपनगरी, विशेष रूप से हीट्स डी सीन विभाग में बुधवार शाम को 2,000 से ज्यादा पुलिस अधिकारियों की तैनाती की जाएगी, जिससे किसी प्रकार की अशांति से बचा जा सके। मंत्री ने कहा कि मंगलवार को हुए उपद्रव के लिए 31 लोगों को हिरासत में लिया गया।
उन्होंने यह भी कहा कि इसमें 24 पुलिस अधिकारी मामूली रूप से घायल हुए और प्रदर्शनकारियों ने लगभग 40 कारों को आग के हवाले कर दिया।