मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने मृतक होमगार्ड राम मूर्ति यादव की आश्रित पत्नी को 35 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा चेक प्रदान किया

उत्तर प्रदेश के कारागार एवं होमगार्ड्स राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने आज अपने सरकारी आवास 10ए-कालिदास पर मृतक होमगार्ड स्व०राम मूर्ति यादव की आश्रित पत्नी कमला को 35 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा चेक प्रदान किया। इसके अतिरिक्त माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार होमगार्ड विभाग द्वारा रु0 5 लाख की अनुग्रह राशि पूर्व में ही प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि इस प्रकार मृतक के आश्रित को कुल 40 लाख रुपए प्राप्त हुए।
मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि किसी कारणवश यदि घर के मुखिया की असामयिक मृत्यु हो जाती है, तो परिवार पर एक प्रकार का आर्थिक संकट आ जाता है। इसी के दृष्टिगत विभाग स्वयं 5 लाख रुपए की अनुग्रह राशि प्रदान करता है। साथ ही बैंक भी दुर्घटना बीमा के माध्यम से मृतक के परिजन को 30 लाख रुपये या उससे अधिक प्रदान करते हैं। इस प्रकार परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां पूरी करने में मदद हो जाती है। ज्ञातव्य हो कि रसूलपुर, कटौली जनपद लखनऊ निवासी होमगार्ड श्री राम मूर्ति यादव की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।
मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि अब तक कुल 31 होमगार्ड के आश्रितों को विभिन्न बैंकों के माध्यम से दुर्घटना बीमा राशि प्रदान की जा चुकी है। साथ ही 6 दिसंबर 2020 से अब तक मृतक एवं स्थाई रूप से अपंग हुए कुल 1529 होमगार्ड स्वयंसेवकों/अवैतनिक अधिकारियों के आश्रितों को 5 लाख की दर से कुल 76 करोड़ 45 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जा चुकी है।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव अनिल कुमार, डीजी होमगार्ड्स विजय कुमार मौर्य, डीआईजी मुख्यालय विवेक कुमार सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।