उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने की आतंकी हमले की निंदा, कहा लिया जाएगा हर आंसू का बदला

जम्मू कश्मीर में शुक्रवार को बांदीपोरा इलाके में हुई आतंकी घटना पर उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने कड़ी निंदा की है। इस आतंकी हमले में एक पुलिसकर्मी शहीद हुआ जबकि चार अन्य घायल हुए है। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
घटना की निंदा करते हुए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि पुलिस कर्मी के बलिदान को सदैव याद रखा जाएगा। उनके परिजनों के आंसुओं की एक एक बूंद का बदला लिया जाएगा।
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि हमारे सुरक्षा कर्मियों पर जघन्य आतंकी हमले की कड़ी निंदा करता हूं। मैं जम्मू-कश्मीर पुलिस के शहीद एसपीओ जुबैर अहमद शाह की बहादुरी को सलाम करता हूं। हम उन्हें नहीं भूलेंगे। उनके परिजनों के आंसुओं की एक-एक बूंद का बदला लिया जाएगा।
बता दें कि मनोज सिन्हा ने आतंकी हमले में शहीद के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने चारों घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
बता दें कि उत्तरी कश्मीर में निशात पार्क के पास शुक्रवार शाम आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों के एक गश्ती दल पर ग्रेनेड फेंका था। इस हमले में सुरक्षा बलों के पांच जवान घायल हुए थे, जिसमें से एक ने दम तोड़ दिया। सुरक्षा बल इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चला रहे हैं।