25 जून से उत्तर प्रदेश में शुरू होगा मानसून!

उत्तर प्रदेश में मानसून से पहले ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है जिसकी वजह से भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिली है, वहीं अधिकतम तापमान में भी कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के अवशेष के कारण अब और अधिक बारिश होगी। लखनऊ सहित कई जगहो पर शुक्रवार को बारिश होने की वजह से लोगों को सूरज के दर्शन नहीं हुए। मौसम विभाग ने 25-26 जून को पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही जल्द ही मानसून भी प्रदेश में दस्तक देने वाला है।
लखनऊ में सुबह की शुरूआत हुई बारिश के साथ
लखनऊ में आज सुबह से ही बादल छायें है जिसकी वजह से लोगों को सूरज के दर्शन नही हो सके। सुबह सुबह ही हलकी बारिश ने मौसम को सुहावना कर दिया। लखनऊ में 27 तारीख तक बारिश का दौर लगा रहेगा। 17 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चलेंगी तथा 34 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाओं के झोंके चल सकते है आज लखनऊ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 29 डिग्री रहेगा।
25 जून से उत्तर प्रदेश में शुरू होगा मानसून
24 और 25 जून को पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश की आशंका बतायी जा रही है। इसके अलावा बुंदेलखंड के मिर्जापुर और सोनभद्र में भी हल्की बारिश होगी। सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, बलरामपुर, मिर्जापुर, कुशीनगर, , बहराइच, गोरखपुर, देवरिया, महाराजगंज, गोंडा, बलिया, बस्ती, चंदौली, सोनभद्र, लखीमपुर खीरी में भी भारी बारिश का एलर्ट जारी किया गया है। 25 व 26 जून को लगभग पूरे उत्तर प्रदेश में मानसून की पूरी तरह से एक्टिव होने की संभावना जतायी गयी है। पश्चिम उत्तर प्रदेश और मध्य यूपी में लखनऊ, बारबंकी, अमेठी, उन्नाव, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, रायबरेली जिलों को छोड़कर पूरे प्रदेश में भारी बारिश का अनुमान लगाया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में बलिया, प्रयागराज और गाजीपुर सबसे गर्म जिले
उत्तर प्रदेश के बलिया में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। यहां गुरुवार को 41 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं प्रयागराज में 40.9 और गाजीपुर में 40.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। बादलों व हलकी बारिश के कारण अन्य जिलों में पारा 40 डिग्री के नीचे ही रहा।
मानसून का आनंद लेने के लिए रहें तैयार
उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक जून के अंत तक प्रदेश में गरज चमक के साथ बरसात और हवाओं की स्थिति बनी रहेगी। प्री मानसून के कारण जहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं मानसून में भी ऐसा देखने को मिलेगा। मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है।
उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने के दो दिन बाद लखनऊ में पहुंचेगा मानसून,
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसून इस समय बिहार मेंअपनी उपस्थिति दाखिल करा चुका है। वहां से आगे बढ़ते हुए पूर्वांचल के रास्ते लखनऊ में प्रवेश करेगा। संभावना है कि पूर्वी यूपी में मानसून के आते ही अगले दो दिन में यह लखनऊ तक पहुंच जाएगा। चक्रवात बिपरजॉय की वजह से मानसून आने के समय में थोड़ा परिवर्तन हुआ है। मानसून आने के बाद अलग अलग क्षेत्रों में हल्की से भारी बारिश की संभावना है।
मध्य यूपी में बारिश का कारण बिपर्जोय चक्रवात
मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात के प्रभाव के कारण यूपी में तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। तेज हवाओं की वजह से भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। वर्तमान में बिपरजॉय का अवशेष मध्य यूपी में प्रभावी है। इस वजह से लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का असर देखने को मिल रहा है।
42 जनपदों में आज बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार (23/06) को 42 जनपदों में बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें झांसी, औरैया, महोबा, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, बलरामपुर, ललितपुर, गोंडा, बस्ती, जालौन, संत कबीर नगर, महाराजगंज, गोरखपुर,कानपुर नगर, कानपुर देहात, देवरिया और कुशीनगर जनपद शामिल हैं। यहां बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
लखनऊ में आज का मौसम
सूर्योदय 5 :13
सूर्यास्त 7:03
अधिकतम तापमान 36 डिग्री
न्यूनतम तापमान 28 डिग्री
हवा प 17 कि॰मी॰/घं॰
हवा के झोंके 34 कि॰मी॰/घं॰
बादल 91%
लखनऊ में कल का पूर्वानुमान
सूर्योदय 5:13
सूर्यास्त 7:02
अधिकतम तापमान 36 डिग्री
न्यूनतम तापमान 27 डिग्री
हवा उप 13 कि॰मी॰/घं
हवा के झोंके 26 कि॰मी॰/घं॰
बादल 91 %