पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह समेत मंत्रियों ने दिया इस्तीफा
पंजाब में जारी सियासी घमासान के बीच कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके साथ ही उनके मंत्रिमंडल ने भी इस्तीफा दे दिया है।
शनिवार को वो लगभग 4.30 बजे अपने विधायकों और सांसदों के साथ राजभवन पहुंचे। यहां उन्होंने अपना इस्तीफा दिया। जानकारी के मुताबिक कैप्टन के साथ राजभवन कुल 20 विधायक पहुंचे थे।
राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने के बाद उन्होंने राजभवन के बाहर मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बीते कुछ दिनों में ये तीसरा मौका है जब उन्हें अपमानित महसूस हुआ है।
सुबह कर लिया था इस्तीफा देने का फैसला
इस्तीफा सौंप कर राजभवन से बाहर आने के बाद उन्होंने कहा कि इस्तीफा देने का फैसला सुबह ही कर लिया था। यहां तक की कांग्रेस
अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी इसकी जानकारी दे दी थी।
उन्होंने कहा कि मुझे लगा कि आलाकमान को मुझपर भरोसा नहीं है, ऐसे में पद पर रहने का मतलब नहीं होता। हाई कमान अब भरोसेमंद को ही अगला मुख्यमंत्री बनाए। वहीं पार्टी छोड़ने को लेकर उन्होंने कहा की अभी वो कांग्रेस का हिस्सा है। इस मुद्दे पर फैसला भविष्य में लिया जाएगा।