सीएम योगी ने राम मंदिर निर्माण पर की चर्चा, स्वास्थ्य का भी हाल जाना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को अयोध्या में महंत नृत्यगोपाल दास से मुलाकात की। अयोध्या दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मणिरामदास छावनी में महंत नृत्यगोपाल दास से मुलाकात कर श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर चर्चा की। साथ ही मुख्यमंत्री ने उनके स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री कुछ देर तक यहां मौजूद रहे। इसके बाद सीएम सर्किट हाउस रवाना हो गए।
राम मंदिर निर्माण का लिया जायजा
रामलला के दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर निर्माण की प्रगति जानी। यहां चंपत राय ने मुख्यमंत्री को निर्माण से जुड़ी जानकारी दी। योगी आदित्यनाथ ने यहां कार्य कर रहे मजदूरों से भी हालचाल पूछा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से वर्तमान समय में चल रहे कार्य की प्रगति भी जानी। गौरतलब है कि मंदिर का 70 फीसदी निर्माण पूरा कर लिया गया है। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में सबसे पहले हनुमानगढ़ी के दर्शन-पूजन किए। संकट मोचन हनुमान जी के दर्शन कर योगी आदित्यनाथ ने सुखी-स्वस्थ उत्तर प्रदेश की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने रामलला के दर्शन, आरती व परिक्रमा की। सीएम योगी ने राम मंदिर निर्माण की प्रगति भी जानी। इसके पहले अयोध्या पहुंचने पर रामकथा हेलीपैड पर सीएम को सलामी दी गई।