गाजियाबाद में एक महिला कैब ड्राइवर की हत्या के मामले में उसके प्रेमी समेत चार आरोपी गिरफ्तार

यह मामला गाजियाबाद से सामने आया है जहाँ पुलिस ने एक महिला कैब ड्राइवर की हत्या के मामले में मृतका के प्रेमी समेत अन्य चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मृतका के प्रेमी ने अपनी मां तथा दो अन्य रिश्तेदारों के साथ इस घटना की पहले योजना बनाई और फिर इस घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस ने महिला का शव पनवड़िया रेलवे ओवरब्रिज के नीचे नाले से बरामद किया।
32 वर्षीय मृतक महिला कैब ड्राइवर की पहचान गाजियाबाद के थाना सिहानी गेट अंतर्गत भोपुरा निवासी पूनम के रूप में हुई। उसका विवाह 2015 में रवि कुमार नाम के युवक के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद दंपत्ति को एक पुत्री और एक पुत्र की प्राप्ति हुई।
अभी से लगभग डेढ़ साल पहले मृतक महिला को फेसबुक यूज करने का शौक लगा और उसकी मित्रता फेसबुक पर 27 वर्षीय सोमपाल लोधी से हुई जो रामपुर के थाना सिविल लाइंस अंतर्गत ताशका मझरा का निवासी था। महिला का मित्र सोमपाल भी एक टैक्सी ड्राइवर था।
दोनों की आपसी जान-पहचान बढ़ जाने पर सोमपाल का पूनम के घर आना जाना भी शुरू हो गय। धीरे- धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हाे गया। कुछ समय बाद पूनम अपने पति और बच्चों को छोड़कर सोमपाल के पास रामपुर चली गई और वहाँ पूनम ने विकासनगर कालोनी ज्वालानगर में एक अलग कमरा ले लिया। अब सोमपाल ने पूनम को उसके साथ शादी करने का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाये और फिर बाद में वह पूनम से शादी करने से मुकर गया।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच काफी ज़्यादा विवाद हुआ। पीड़ित महिला पूनम ने आइजीआरएस पोर्टल (समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली) पर सोमपाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने थाने में दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी काउंसिलिंग की, जिसके बाद दोनों के बीच समझौता हो गया क्योंकि दोनों कोर्ट मैरिज करने के लिए राजी हो गए थे।
कुछ दिन बाद पूनम और सोमपाल कोर्ट मैरिज करने कचहरी पहुंचे, लेकिन किसी कारणवश उनकी शादी नहीं हो सकी। उसी रात सोमपाल ने अपनी माँ और अन्य कुछ रिश्तेदारों को साथ मिलाकर पूनम को मौत के घाट उतार दिया।
फ़िलहाल पुलिस ने सोमपाल समेत अन्य सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला भी दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस केस की जाँच पड़ताल में जुटी हुई है।