क्राइम
डूबते हुए हिरण को देखा तो झील में कूद गया कुत्ता, किनारे लाया, अब दोनों बन गए हैं दोस्त
अमेरिका के वर्जीनिया में रहने वाले राल्फ डोर्न के पालतू डॉगी हार्ले ने वो कर दिखाया, जिससे राल्फ की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वह इस खुशी को सबके साथ साझा करना चाहते थे। फिर क्या था उन्होंने फेसबुक खोला और अपनी डॉगी की कारगुजारी पर लिख डाला एक पोस्ट। लोगों को उनकी बात गप न लगे इसलिए उन्होंने फोटो और विडियो भी अपलोड कर दिए। राल्फ का पोस्ट देखने के बाद तो अब सब उनके डॉगी की तारीफ करने लगे हैं।
दरअसल, राल्फ ने 3 जून की अपनी फेसबुक पोस्ट पर बताया कि उनका डॉगी हार्ले मिल नहीं रहा था। उसे इधर-उधर ढूंढा पर उसका कहीं पता नहीं लगा। तभी उनकी नजर झील की तरफ गई तो उनके आश्चर्य का ठिकाना नहीं रहा। हार्ले हिरण के छोटे से बच्चे को झील से तैराकर किनारे ला रहा था। राल्फ लिखते हैं कि उन्हें नहीं पता कि हिरण का बच्चा झील में कैसे पहुंचा लेकिन हार्ले ने उसने बचाने के लिए झील में छलांग लगा दी और उसे बचाकर किनारे ले आया। अब हार्ले और हिरण का बच्चा दोस्त बन गए हैं। साथ में खेलते हैं। हिरण की एक आवाज पर हार्ले दौड़ा-दौड़ा उसके पास पहुंच जाता है।
राल्फ के डॉगी ने जो किया है अब उसको लोग काफी पसंद कर रहे हैं। राल्फ के फेसबुक पोस्ट पर अब तक 1 लाख से ज्यादा रिएक्शन आ चुके हैं। 2.5 लाख से ज्यादा लोग इस पोस्ट को शेयर कर चुके हैं और कमेंट में हार्ले की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। वहीं, इस पोस्ट के बाद राल्फ और हार्ले दोनों मशहूर हो गए हैं।