राज्य

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बोम्मई ने शाह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों से की मुलाकात

नई दिल्ली|  कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने शुक्रवार को दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया को बताया कि गृहमंत्री ने उन्हें राज्य में सुशासन बनाए रखने के लिए कहा है।


गृह मंत्री से मुलाकात के अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा से मिलने के लिए राष्ट्रीय राजधानी के दो दिवसीय दौरे पर हैं।


बोम्मई भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के साथ कर्नाटक मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा कर सकते हैं। बोम्मई से मुलाकात के बाद शाह ने ट्वीट किया, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी. एस. बोम्मई जी से मुलाकात की। राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उन्हें और उनकी टीम को मेरी शुभकामनाएं।

पार्टी सूत्रों ने दावा किया कि शाह और बोम्मई ने कर्नाटक कैबिनेट विस्तार पर भी चर्चा की है। सुबह दिल्ली पहुंचने के बाद बोम्मई ने सबसे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। सिंह ने बाद में ट्वीट किया, आज कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई से मुलाकात की। मैंने उन्हें आगे के सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।


बोम्मई ने भी ट्वीट करते हुए कहा, नई दिल्ली में माननीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी से मुलाकात की और विकास के पहलुओं पर बात की। इस बीच बोम्मई ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और गजेंद्र सिंह शेखावत से भी मुलाकात की।

जोशी ने ट्वीट किया, कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री बी. एस. बोम्मई जी ने आज मेरे संसद कार्यालय का दौरा किया। उन्हें एक मीठा लड्डू देकर बधाई दी और उनके अच्छे कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। बाद में उन्हें स्पीकर ओम बिरला जी से मिलने लेकर गए।

बोम्मई और शेखावत ने राज्य से जुड़ी विभिन्न जल परियोजनाओं पर चर्चा की। सूत्रों ने कहा कि यह राष्ट्रीय राजधानी का शिष्टाचार दौरा है, जिसके दौरान बोम्मई केंद्रीय नेतृत्व के साथ अपने मंत्रिमंडल विस्तार पर चर्चा करेंगे। सूत्रों ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपनी बैठक के दौरान बोम्मई के राज्य में विकास और कोविड की स्थिति से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा करने की संभावना है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद बोम्मई की यह पहली दिल्ली यात्रा है। पूर्व मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा ने 26 जुलाई को इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद प्रदेश की कमान बोम्मई को सौंपी गई है।


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button