होम > खेल

महिला वर्ल्ड कप में पहली बार सभी ऑफिशियल्स महिलाएं होंगी

महिला वर्ल्ड कप में पहली बार सभी ऑफिशियल्स महिलाएं होंगी

2023 का महिला टी-20 वर्ल्ड कप 10 फरवरी से शुरू होगा। इस साल के महिला वर्ल्ड कप में एक खास बात होगी।  इस साल के महिला वर्ल्ड कप में सारी मैच ऑफिशियल्स महिलाएं होंगी। इसके लिए आईसीसी ने 13 सदस्यों के नाम जारी किये हैं। जिसमे भारत से जीएस लक्ष्मी रेफरी के तौर पर और  वृंदा राठी और एन. जननी अंपायर के तौर पर शामिल होंगी। महिला वर्ल्ड कप के इतिहास में यह पहली बार होगा जब पूरी महिला ऑफिशियल्स की टीम किसी आईसीसी टूर्नामेंट में काम करेगी।

जीएस लक्ष्मी पहली महिला है जिन्होंने आईसीसी मैच रेफरी पैनल में जगह बनाई है। आईसीसी अंपायर पैनल में शामिल वृंदा और जननी इसके पहले रणजी के मैचों में अंपायरिंग कर चुकी हैं। 54 वर्षीय लक्ष्मी ऑलराउंडर रह चुकी हैं। लक्ष्मी को 1999 में भारतीय महिला टीम में चुना गया था। 2004 में उन्होंने सन्यास का एलान किया था। 2008 में लक्ष्मी ने एक रेफरी के तौर पर काम करना शुरू किया था। वंही वृंदा और जननी को 2018 में आईसीसी अंपायरों के विकास पैनल में भी शामिल किया गया था। इसके पहले वृंदा और जननी रणजी मैचों में अंपायरिंग करने वाली पहली महिला जोड़ी बनी थी।

जननी एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर थी। अंपायर बनने के लिए जननी ने अपनी नौकरी भी छोड़ दी थी। जननी को 2021 में तमिलनाडु  प्रीमियर लीग में अंपायरिंग करने का मौका मिला। तमिलनाडु प्रीमियर लीग से ही जननी का अंपायरिंग करियर शुरू हुआ। इसके पहले जननी को 2013 के महिला वर्ल्ड कप में स्कोरर के तौर पर शामिल होने का मौका मिला था।