Breaking Newsखेल
आर्मी में तैनात बुलंदशहर के ओलंपियन अरविंद ने नेशनल रोइंग प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक

बुलंदशहर के खुर्जा में गांव खबरा निवासी ओलंपियन अरविंद सिंह ने सीनियर नेशनल रोइंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। जिसकी जानकारी होने पर स्वजन खुशी से झूम उठे। इससे पहले भी अरविंद एशियन रोइंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुके हैं। ओलंपियन अरविंद क्षेत्र के गांव खबरा के रहने वाले हैं और आर्मी में तैनात है। उनके पिता विजय सिंह किसान हैं।
अब पुणे में सीनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। जिसमें अरविंद ने दो किलोमीटर सिंगल मेंस स्कल्स में प्रतिभाग किया। गुरुवार शाम को प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला हुआ। जिसमें अरविंद ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया और प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। इसके अलावा चैंपियनशिप की 500 मीटर रेस में भी अरविंद प्रतिभाग करेंगे। जिसका फाइनल मुकाबला कल यानि शनिवार को होगा। नेशनल रोइंग प्रतियोगिता में अरविंद के स्वर्ण पदक जीतने की जानकारी पर स्वजन खुशी से झूम उठे। उधर जानकारी होने पर ग्रामीणों ने भी स्वजन को बधाई दी।
एशियन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं अरविंद
ओलंपियन अरविंद ने गत दिसंबर माह में थाईलैंड में आयोजित हुई एशियन रोइंग प्रतियोगिता में भाग लिया था। जहां अरविंद ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया था और प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक जीता था। अरविंद आगामी एशियन गेम्स और ओलंपिक को लेकर तैयारियों में जुटे हुए हैं।