दुनियाभारत

Pakistan: पाकिस्तान 199 भारतीय मछुआरों को करेगा रिहा, भारतीय कैदी की मौत के बाद फैसला

Pakistan: पाकिस्तान 199 भारतीय मछुआरों को रिहा करने की तैयारी में है। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान की जेल में एक भारतीय कैदी की मौत के बाद ये फैसला लिया गया है। जानकारी के मुताबिक सद्भावना के तहत पाकिस्तान की सरकार भारतीय मछुआरों को जेल से रिहा करेगी। इन कैदियों को कराची की जेल से लाहौर भेजा जाएगा और लाहौर से इन कैदियों को वाघा बॉर्डर के जरिए वतन वापस लाया जाएगा। 

भारतीयों की होगी 12 मई को रिहाई

वहीं, कराची के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी काजी नजीर ने जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित मंत्रालय से भारतीय कैदियों को रिहाई का आदेश दे दिया गया है। शुक्रवार यानी कि 12 मई को इन कैदियों को रिहा कर लाहौर भेज दिया जाएगा। जिन कैदियों को रिहा किया जाएगा, वो इस वक्त पाकिस्तान की लंडी जेल में बंद हैं। गौर करने वाली बात ये है कि पाकिस्तान की जेल में बंद भारतीय कैदी जुल्फिकार की हाल ही में एक अस्पताल में मौत हो गई थी। जुल्फिकार की तबीयत खराब होने पर कराची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। जांच में पता चला कि फेफड़ों में संक्रमण के चलते कैदी की मौत हुई। 

पाकिस्तान की जेलों में हैं हालात खराब

अगर बात करें पाकिस्तान की जेलों की तो, पाकिस्तान की जेलों में कैदियों के कल्याण के लिए काम करने वाली पाकिस्तानी संस्था ईदी वेलफेयर ट्रस्ट भारतीय कैदियों को लाहौर ले जाने का इंतजाम करेगी। ट्रस्ट के अधिकारियों ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की जेलों में हालात बेहद खराब हैं और वहां डॉक्टरों और इलाज की भी समुचित व्यवस्था नहीं है, जिसकी वजह से कैदी बीमार पड़ रहे हैं और कई बार उनकी मौत भी हो जाती है। 

कई कैदियों की पूरी हो चुकी है सजा

गौर करने वाली बात ये है कि पाकिस्तान इंडिया पीपल फोरम फॉर पीस एंड डेमोक्रेसी के मुताबिक, 654 भारतीय मछुआरे पाकिस्तान के कराची में स्थित लंडी और मालिर जेलों में कैद हैं। अधिकतर जो मछुआरे पकड़े जाते हैं वो अनपढ़ और गरीब होते हैं और वह गलती से भारत से पाकिस्तान के जलक्षेत्र में प्रवेश कर जाते हैं। भारतीय जेलों में भी 83 पाकिस्तानी मछुआरे बंद हैं। पाकिस्तान की जेलों में बंद 654 भारतीय कैदियों में से 631 कैदी अपनी सजा पूरी कर चुके हैं और अपनी रिहाई के इंतजार में हैं।  

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button