लखनऊ उड़ान स्थल से अब तक 8204 हज यात्रियों का सऊदी अरब के लिए प्रस्थान

हज-2023 हेतु लखनऊ उड़ान स्थल से छब्बीसवीं उड़ान संख्या एस0वी0 3773 आज 01 जून, 2023 को 298 हज यात्रियों को लेकर सकुशल अपने निर्धारित समय प्रातः 07ः30 बजे चौधरी चरण सिंह अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से जद्दाह के लिए रवाना हो गयी। इस उड़ान से 165 पुरुष व 133 महिलाएं रवाना हुए। सबसे अधिक लखनऊ के 99 व सीतापुर के 56 हज यात्री गये हैं।
उ0प्र0 राज्य हज समिति के सचिव/कार्यपालक अधिकारी, एस0पी0 तिवारी ने बताया कि सत्ताइसवीं उड़ान संख्या एस0वी0 3741, 284 हज यात्रियों को लेकर सकुशल अपने निर्धारित समय प्रातः 09ः45 बजे जद्दाह के लिए रवाना हो गयी। इस उड़ान से 153 पुरुष व 131 महिलाएं रवाना हुए। सबसे अधिक बरेली ज़िले के 119, प्रतापगढ़ के 55 व आज़मगढ़ के 50 हज यात्री गये हैं।
एस0पी0 तिवारी ने बताया कि लखनऊ से अठ्ठाइसवीं उड़ान संख्या एस0वी0 3891, 298 हज यात्रियों को लेकर सकुशल मदीना के लिए रवाना हो गयी। इस उड़ान से 153 पुरुष व 145 महिलाएं रवाना हुए। सबसे अधिक गोरखपुर ज़िले के 183 व देवरिया के 53 हज यात्री गये हैं। अब तक लखनऊ से 8204 हज यात्री सऊदी अरब के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।
इसी प्रकार दिल्ली उड़ान स्थल से आज उड़ान संख्या एस0वी03759 से उत्तर प्रदेश के केवल 07 हज यात्री गये हैं। दिल्ली से आज अधिकतर अन्य राज्यों के हज यात्री गये हैं। अब तक उत्तर प्रदेश के दिल्ली से 9682 हज यात्री व उत्तर प्रदेश के अब तक कुल 17886 हज यात्री सऊदी अरब के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।
एस0पी0 तिवारी द्वारा हज यात्रियों को सूचित किया गया है कि लखनऊ से निम्न उड़ानें अब मदीना जाने के स्थान पर लखनऊ से सीधे जद्दाह जाएंगी। इन उड़ानों के हज यात्रियों को अपने साथ हज हाउस में एहराम लेकर आना है और हज हाउस से ही एहराम बांध कर रवाना होना है।
SV-3867 02.06.2023 LKO-JED
SV-3895 02.06.2023 LKO-JED
SV-3753 05.06.2023 LKO-JED