थानोस एक्टर जोश ब्रोलिन की पत्नी ने दिया बेटी को जन्म, तस्वीर साझा कर दी जानकारी

हॉलीवुड अभिनेता जोश ब्रोलिन (Josh Brolin) और पत्नी कैथरीन (Kathryn Brolin) के घर क्रिसमस के दिन खुशियों ने दस्तक दी है। कैथरीन ने 25 दिसंबर 2020 को एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है। इस बात की जानकारी कैथरीन ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए दी है। इसके साथ ही बेटी का नामकरण भी हो चुका है।
कैथरीन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए अपनी बेटी की तस्वीर साझा की। इस तस्वीर के साथ कैथरीन ने कैप्शन में लिखा, 'बेबी चैपल, हमारी छोटी सी क्रिसमस एंजेल... चैपल ग्रेस ब्रोलिन।' कैथरीन की इस तस्वीर पर उनके प्रशंसक कमेंट्स कर उन्हें और जोश को बधाइयां दे रहे हैं।
वहीं जोश ब्रोलिन ने भी बेटी की प्यारी सी तस्वीर साझा की है। जिसके साथ उन्होंने बताया है कि बेटी का नाम चैपल ग्रेस क्यों रखा गया है। ब्रोलिन ने अपनी पोस्ट के जरिए बताया है कि उन्होंने धार्मिक भावना के साथ बेटी का नाम चैपल रखा है। उन्हें हमेशा अपने साथ भगवान के होने का एहसास रहा है। ऐसे में ये नाम इन दोनों के लिए ही खास था।
बता दें कि साल 2016 में जोश ने कैथरीन के साथ शादी की थी। दोनों की एक दो साल की बेटी विस्लीन रीन भी है। कैथरीन से पहले जोश एलिस अडैर के साथ से भी शादी कर चुके थे। एलिस से जोश को दो बच्चे हैं। वहीं उन्होंने डायना लेन से भी शादी की थी। कैथरीन जोश की तीसरी पत्नी हैं।
बात करें जोश ब्रोलिन के वर्कफ्रंट की तो उन्हें मार्वेल सिनेमैटिक यूनिवर्स की फिल्मों में थानोस के किरदार के लिए जाना जाता है। इसी किरदार की वजह से ही उनकी पहचान बनी है। इसके अलावा जोश like No Country for Old Men, Inherent Vice और Deadpool 2 में भी नजर आ चुके हैं।